राष्ट्रमंडल खेल : विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष थाना
अधिकारियों ने बताया कि नए थाने में इस महीने के अंत तक कामकाज शुरू हो जाएगा। इस थाने को मध्य दिल्ली में पहाड़गंज के उस इलाके में स्थापित किया जाएगा, जहां विदेशी सैलानी अधिक ठहरते हैं। पहाड़गंज इलाके में 901 से अधिक गेस्टहाउस और होटल मौजूद हैं।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने आईएएनएस से बताया, "पहाड़गंज इलाके में साल भर बड़े पैमाने पर विदेशी पर्यटक आते रहते हैं। थाने से जुड़े अधिकारी इन विदेशी सैलानियों के सुरक्षा इंतजाम देखेंगे।"
भगत ने कहा, "पहाड़गंज इलाके के जिस इलाके में अधिकतर होटल और अतिथि गृह मौजूद हैं, वहां से मौजूदा पुलिस थाना थोड़ी दूरी पर स्थित है, लेकिन नया थाना उस इलाके के बीचो-बीच होगा।"
पुलिस उपायुक्त (मध्य दिल्ली) जसपाल सिंह ने कहा, "नए थाने में ऐसे अधिकारियों को तैनात किया जाएगा, जिन्हें अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान हो और विदेशी पर्यटकों से सहजता और सरलता से बातचीत कर सके। इसे पहाड़गंज ईस्ट पुलिस स्टेशन नाम दिया गया है और यहां 150 के करीब पुलिसकर्मी तैनात होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications