शाह से सीबीआई की पूछताछ जारी
गांधीनगर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। सोहराबुद्दीन शेख के कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में आरोपी गुजरात के पूर्व गृह राज्यमंत्री अमित शाह से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की पूछताछ रविवार को भी हुई।
शाह दो दिनों की सीबीआई रिमांड में हैं। रविवार रात उनकी रिमांड की मियाद पूरी हो जाएगी। इससे पहले शनिवार को भी शाह से गहन पूछताछ की गई थी।
सीबीआई से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शनिवार को शाह से 300 सवाल पूछे गए थे। पूछताछ के दौरान वहां पूर्व मंत्री के वकील भी मौजूद थे और उन्होंने पूरी पूछताछ के दौरान कोई शिकायत नहीं की।
सूत्रों का कहना है कि शाह पूछताछ में पूरा सहयोग नहीं कर रहे हैं। वह शनिवार सुबह 10 बजे से रात 8.30 बजे तक सीबीआई की हिरासत में रहे। रविवार को सुबह 10 बजे उनसे पूछताछ शुरू हुई।
शाह को सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई ने 23 जुलाई को 30,000 पन्नों का आरोप पत्र पेश कर शाह को हत्या, अपहरण और फर्जी मुठभेड़ की साजिश रचने का आरोपी बनाया था। उन्होंने 25 जुलाई को समर्पण किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications