तरुण गोगोई के स्वास्थ्य में सुधार
हार्ट सर्जन रमाकांत पांडा ने बताया, "गोगोई को जीवनरक्षक प्रणाली पर से हटा दिया गया है और वह अब स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और उन्होंने किसी प्रकार के दर्द की शिकायत नहीं की है। यह उनकी सेहत में तेजी से सुधार के लक्षण हैं। मुख्यमंत्री अस्पताल कर्मियों से सामान्य तौर पर बातचीत कर रहे हैं।"
'एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट' के चिकित्सकों के एक दल ने बुधवार को गोगोई के हृदय की सफलतापूर्वक सर्जरी की थी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 24 जुलाई को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में राष्ट्रीय विकास परिषद की चल रही बैठक के दौरान गोगोई ने सांस की तकलीफ और रक्तचाप की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पांडा ने कहा, "गोगोई को अगले चार से पांच दिन तक गहन चिकित्सा कक्ष में रखा जाएगा और इसके अलावा दो हफ्तों तक उन्हें अस्पताल में ही रखा जाएगा। चार हफ्ते बाद वह फिर से सामान्य कार्य करने लगेंगे।"
वर्ष 2009 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बाईपास सर्जरी पांडा की देखरेख में ही की गई थी। पांडा दुनिया के हार्ट सर्जनों की शीर्ष सूची में शामिल हैं।













Click it and Unblock the Notifications