कश्मीरी युवाओं का इंटरनेट पर बगावत का ऐलान
श्रीनगर। कश्मीर और विरोध प्रदर्शन देश की बाकी जनता के लिए पर्याय जैसे हैं। लेकिन इस बार कश्मीर की जनता का आक्रोश अपनी नियति बदलने की हर संभव कोशिश कर रहा है। कश्मीर घाटी की सड़कों पर फैला जनता का गुस्सा अभिव्यक्ति का हर जरिया तलाश रहा है। ऐसे में इंटरनेट कश्मीरी युवाओं के लिए बाकी दुनिया से जुड़ने का सशक्त प्लेटफार्म बन रहा है।
15 से 25 वर्ष की आयु के युवा कथित मानवाधिकारों के हनन के खिलाफ अपने गुस्से को निजी या सामुदायिक इंटरनेट पेज पर अभिव्यक्त कर रहे हैं। घाटी की नाराज युवा पीढ़ी के लिए फेसबुक, ऑरकुट, यू-ट्यूब जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट्स नई रणभूमि में तब्दील हो गई हैं। सुरक्षा बलों की गोलाबारी में करीब 50 नागरिक मारे गए हैं। इंटरनेट पर इसके खिलाफ कई आवाजें उठ रही हैं।
पढ़ें - कश्मीर की अन्य खबरें
एक अज्ञात उपभोक्ता ने इंटरनेट पर एक सामुदायिक पेज 'आई प्रोटेस्ट' बनाया है। इससे 2,500 से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए हैं। इनमें कश्मीरी और गैर-कश्मीरी युवा शामिल हैं। इस पेज को बनाने वाले ने पेज के बारे में लिखा है "भारतीय कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय जागरूकता पैदा करने के लिए एक अभियान।"
इस पेज पर लिखा है, "मैं मेरे साथ एक वस्तु के समान किए जा रहे व्यवहार व 21वीं सदी के उदय पर एक गुलाम जैसे व्यवहार का विरोध करता हूं। मैं बुनियादी मानवाधिकारों के हनन के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान मारे जाने का विरोध करता हूं।"
'आई प्रोटेस्ट' पेज के एक सदस्य ने इस पर लिखा है, "यह क्रूर सरकार लोगों के साथ संवाद करने और बिना रोक-टोक के हो रहे इस नरसंहार को रोकने में विफल रही है। बड़ी उम्मीदों के साथ चुनी गई इस सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। दुख की बात है कि इस सरकार ने अपना समर्थन और भरोसा खो दिया है। सरकार को खुद पर शर्म करना चाहिए।"
ऐसे ही एक अन्य इंटरनेट पेज 'आई प्रोटेस्ट द एट्रोसिटीज ऑन कश्मीरीज' से 2,100 से ज्यादा सदस्य जुड़े हैं। 'कश्मीर डिस्पैच' नाम से शुरू हुआ एक न्यूज पोर्टल वहां की ताजा स्थिति की पल-पल की जानकारी देता है और खबर से संबंधित तस्वीरें भी उबलब्ध करा रहा है। इससे 5,000 से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए हैं। एक इंटरनेट पेज 'वी हेट उमर अब्दुल्ला.राजनीतिक रूप से अपरिपक्व एक व्यक्ति!' से करीब 1,500 सदस्य जुड़े हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications