छत्तीगढ़ में पत्रिका की एंट्री से पहले बाकी अखबारों ने दाम घटाए
भोपाल | मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ इस समय हिंदी अखबारों के सर्कुलेशन संग्राम का गढ़ बने हुए हैं। मध्य प्रदेश में दैनिक भास्कर, पत्रिका और नई दुनिया अखबारों की कांटे की टक्कर है। नई दुनिया और दैनिक भास्कर का मुख्यालय मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही है। जबकि राजस्थान पत्रिका का मुख्यालय राजस्थान में है। अब पत्रिका रायपुर में उतरने की तैयारी में है और बाकी अखबार पत्रिका के इस कदम से अपने ग्राहकों को बचाने की जोरदार तैयारी में लगे हैं।
'पत्रिका' जल्द ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लांच होने वाला है। लेकिन पत्रिका के लांच होने से पहले ही बाजार में मौजूद दैनिक भास्कर, नई दुनिया जैसे अखबारों ने अपने मुख्य संस्करणों के दाम इस इलाके में कम कर दिए। दैनिक भास्कर का दाम बुधवार, शनिवार और रविवार को 3. 50 रुपये होता जबकि अन्य दिन इसकी कीमत 2.50 रुपये होती है। अब भिलाई और दुर्ग इलाकों में भास्कर ने 3.50 रुपये के अखबार का दाम 2.50 रुपये और अन्य दिनों के पेपर का दाम 1.50 रुपये कर दिया है। इसके अलावा भास्कर ने रायपुर में हाल ही में 'जन जागृति' और 'डीबी स्टार' को भी उतारा है। जन जागृति का दाम 2 रुपये रखा गया है। यह 16 पेज का टेबलॉयड अखबार है।
लगभग इसी तर्ज पर नई दुनिया और नवभारत टाइम्स ने भी अपने मुख्य संस्करणों की कीमत में 1 से 2 रुपये की कमी की है। पत्रिका के बाजार में उतरने से पहले ही पहले से मौजूद अखबार अपने ग्राहकों को पक्का कर लेना चाहते हैं। इसके लिए उन्होने वार्षिक सब्सक्रिप्शन के दामोँ में उल्लेखनीय कमी की है। इसके अलावा डीलर्स के लिए उपहार, फ्री ऑफर्स और स्पेशल स्कीम की योजनाएं भी अपनाई जा रही है। अब देखना ये है कि 'पत्रिका' इस गलाकाट प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाने के लिए कौन सी नीति अपनाती है?












Click it and Unblock the Notifications