यहां ठहाकों के बाद शुरू होती है पढ़ाई
जबलपुर। फर्ज कीजिए, कॉलेज में अगर क्लासेज शुरू होने से पहले हंसी-ठहाकों की क्लास लगने लगे तो क्या हो? शायद उस कॉलेज में दाखिले के लिए भीड़ लग जाएगी और वहां के छात्रों की अटेंडेंस 100 फीसदी जाएगी, वो भी बिना किसी दबाव के।
जबलपुर का पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय ऐसा कॉलेज है, जहां छात्र क्लास में जाने से पहले प्रभु को नमन करते हैं और उसके बाद हंसी-ठहाके लगाते हैं इसके बाद ही वे पढ़ाई करने क्लास में जाते हैं। दरअसल, यहां पढ़ाई से पहले ईश्वर की वंदना की और हास्य योग होता है। ईश वंदना और हास्य योग में छात्र-छात्राओं के साथ विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और कुलपति भी हिस्सा लेते हैं।
प्राध्यापक ओपी श्रीवास्तव का कहना है कि प्रार्थना करने से शांति मिलती है और ठहाकों से तनाव दूर भाग जाता है। इतना ही नहीं इन सबसे नई ऊर्जा का संचार होता है। विश्वविद्यालय के कुलपति गोविंद प्रसाद मिश्रा ने बताया कि प्रार्थना और हास्य योग दवा और जादू है, जो नई ऊर्जा का संचार करता है। विश्वविद्यालय की एक छात्रा सोनम कहती हैं कि पढ़ाई और रोजमर्रा के तनावों के चलते कई बार तो हमें हंसने की भी सुध नहीं रहती लेकिन यहां हमें रोज हंसने का मौका मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications