इज्जत कमाना और गृहस्थी बसाना चाहता है सुपरचोर बंटी
नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। देशभर में घरों और दुकानों में हैरतंगेज ढंग से चोरी करके बॉलीवुड को अपनी जिंदगी पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित करने वाले देवेंदर सिह उर्फ सुपरचोर बंटी का दावा है कि अब वह सुधर चुका है। इन दिनों वह जासूस के रूप में काम कर रहा है। अब वह इज्जत कमाने और और एक अच्छी लड़की से ब्याह रचाने की ख्वाहिश रखता है।
36 साल के बंटी ने आईएएनएस से कहा, "मैं बचपन से ही जासूस बनना चाहता था लेकिन हालात ने मुझे बिल्कुल अलग रास्ते पर धकेल दिया। अब मैंने एक नई जिंदगी शुरू कर दी है। अब मैं इज्जत कमाने और जल्द गृहस्थी बसाने की कोशिश कर रहा हूं।"
सुपर चोर नाम से प्रसिद्ध हुए बंटी का कहना है, "एक बार जब मेरी जिंदगी व्यवस्थित हो जाए तो मैं शादी के बारे में सोचूंगा। संभवत: अगले साल मैं किसी अच्छी लड़की से शादी करूंगा।"
बंटी के जीवन पर दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में 'ओए लकी! लकी ओए!' फिल्म बनी जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
करीब 13 साल तक जेल के अंदर और बाहर रहने के बाद पिछली बार 15 जून को बंटी अमृतसर केंद्रीय कारागार से रिहा हुआ। इसके बाद बंटी को संजीव दयाल की आएडर डिटेक्शन एंड प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने एक जासूस के रूप में अपने साथ जोड़ा।
केवल सातवीं तक पढ़े बंटी का कहना है, "मेरा प्रशिक्षण चल रहा है और मुझे यह पसंद आ रहा है। मुझे मामलों को सुलझाने के तरीकों, विभिन्न श्रेणियों, स्थान पर नजर रखने, पृष्ठभूमि कार्य, कंप्यूटर, शोध और अन्य जरूरी बातों को सिखाया जा रहा है।"
मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले बंटी ने लगभग पूरे देशभर में चोरियां की हैं। दिल्ली, चण्डीगढ़, चेन्नई, बेंगलुरु सहित कई बड़े शहर उसके निशाने पर रहे। यह भी माना जा रहा है उसने जाली पासपोर्ट से चीन की भी यात्रा की है। यह भी कहा जा रहा है कि वह हमेशा पांच सितारा होटलों में रुकता रहा है।
मीडिया के अनुसार उस पर 300 से 550 मामले हैं लेकिन बंटी इसे गलत बताता है उसका कहना है कि उस पर 50 से ज्यादा मामले कभी नहीं रहे।
बंटी ने बिग बॉस-4 में शामिल होने की अफवाहों का खंडन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications