सोहराबुद्दीन मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी की पेशी
गांधीनगर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ मामले में पूछताछ के लिए पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओ. पी. माथुर गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश हुए।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा यह मामला सीबीआई को सौंपे जाने से पूर्व माथुर की अगुवाई में राज्य सीआईडी (अपराध) वर्ष 2005 में हुए इस फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच कर रही थी।
माथुर को सीबीआई के सामने पेश होने का सम्मन जारी किया गया था।
बाद में वह अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त रहे और इसी पद से सेवानिवृत्त हुए। इस समय वह हाल ही में स्थापित हुए रक्षा विश्वविद्यालय के प्रभारी हैं।
गुजरात के आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) पर आरोप है कि उसने 26 नवंबर 2005 को सोहराबुद्दीन को एक लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी बताकर अहमदाबाद के पास एक फर्जी मुठभेड़ में मार दिया था। घटना के बाद सोहराबुद्दीन की पत्नी कौसर बी भी लापता हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications