शरद यादव के हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग (लीड-1)
पटना, 5 अगस्त (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसे पटना के चांगर बाईपास इलाके में आपात स्थिति में उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में राज्य के एक मंत्री भी सवार थे।
पुलिस के अनुसार यादव राज्य के सड़क निर्माण मंत्री प्रेम कुमार सिंह और दो अन्य लोगों के साथ गुरुवार को मधेपुरा में कार्यकर्ता सम्मेलन तथा एक पुल के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे, तभी हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई।
पटना के बाईपास इलाके में स्थित एक स्कूल के मैदान में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। पुलिस के अनुसार आधा घंटा पहले ही उक्त हेलीकॉप्टर ने पटना हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी।
हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित बताये जाते हैं। तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ही राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर में भी तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसे जमुई में आपात स्थिति में उतारना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications