दंपति ने एसएसपी कार्यालय परिसर में जहर खाया, पति की मौत
झांसी, 5 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दबंगों के कथित उत्पीड़न से क्ष्झुब्ध होकर एक अधेड़ दंपति ने गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार बरुआसागर थाना क्षेत्र निवासी कैलाश राजपूत ने अपनी पत्नी केसर के साथ गुरुवार को सल्फास की गोलियां खा लीं। दंपति को तत्काल झांसी मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां देर शाम पति कैलाश की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गत 27 जुलाई को गांव के ही दबंग मेहरबान सिंह ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दंपति के बेटे नरेंद्र की किसी बात को लेकर पिटाई की थी। घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी दबंगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से दंपति क्ष्झुब्ध था।
इसी संबध में पति-पत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दोहरे के कार्यालय में गुहार लगाने आए थे। वहां से निकलने के बाद दंपति ने कार्यालय परिसर में ही अपने पास रखी सल्फास की गोलियां खा लीं।
पुलिस अधीक्षक (शहर) जगदीश सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में बरुआसागर के थाना प्रभारी राकेश पांडे और उप निरीक्षक यशवंत सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications