मप्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष झा की तुलना कसाब से!
भोपाल, 5 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर चर्चा का विषय रहा। इस पोस्टर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा की तुलना मुंबई हमले के मुख्य आरोपी कसाब से की गई है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर को तुरंत हटाया।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने इंदौर में आयोजित महापौर एवं पार्षदों के अभ्यास वर्ग में सुरक्षा जवानों के खिलाफ कथित टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर कांग्रेस के एक नेता इंदर प्रजापत के नाम से इंदौर में एक पोस्टर चस्पा किया गया था। उसी तरह का एक पोस्टर गुरुवार को पार्टी के भोपाल स्थित कार्यालय के सामने चस्पा किया गया।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आईएएनएस के साथ चर्चा करते हुए स्वीकार किया कि पार्टी दफ्तर के बाहर एक पोस्टर लगाया गया था। इस पोस्टर को बाद में पुलिस ने हटा दिया।
दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश कार्यालय के प्रभारी नंदकिशोर सिंह चौहान ने कहा है कि आज कांग्रेस के पास करने को कुछ नहीं है, यही कारण है कि वह ओछी हरकतें कर रही है। चौहान ने कांग्रेस के इस कृत्य की निंदा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications