उप्र में बस ने छात्रों को कुचला, 2 मरे
बलिया, 5 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार सुबह अनियंत्रित स्कूली बस ने कम से कम पांच स्कूली बच्चों सहित छह लोगों को कुचल दिया जिसमें दो की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद कस्बे में यह हादसा हुआ। गुरुवार सुबह स्कूली बस से कुचलकर आठ साल की एक छात्रा और एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
फेफना थाना प्रभारी तेज बहादुर ने संवाददाताओं को बताया, "महावीर पब्लिक स्कूल के छात्र गुरुवार सुबह सड़क के किनारे खड़े होकर अपनी स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे, तभी उधर से गुजर रही आर. के. मित्तल पब्लिक स्कूल की बस ने उन्हें कुचल दिया।"
बहादुर ने कहा कि छात्रा के साथ जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह भी मौके पर खड़े होकर किसी बस का इंतजार कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल चार बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बहादुर के मुताबिक घटना के बाद चालक मौके से फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications