कश्मीर में एक और युवक की मौत (लीड-3)
श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में सातवें दिन लगातार कर्फ्यू जारी रहा। इस बीच, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन बेग ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बेग ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनका पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह गया है।
श्रीनगर में गुरुवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। लोग कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्रों में रहने को मजबूर हैं। आवश्यक उपभोग की वस्तुएं उन्हें इस वजह से नसीब नहीं हो पा रही है।
पुलवामा में सुरक्षा बलों ने भीड़ पर गोली चलाई और आंसू गैस के गोल छोड़े। इसके बावजूव वे भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सके।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "यहां तीन लोग घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए तत्काल श्रीनगर भेजा गया। घायलों में एक की पहचान 26 वर्षीय शबीर अहमद मलिक के रूप में की गई है।"
श्रीनगर में बुधवार को सुरक्षा बलों की गोलीबारी में घायल हुए 50 वर्षीय गुलाम मोहम्मद बदयारी ने गुरुवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह उस वक्त घायल हो गया था जब एक भीड़ ने शहर के गुनपत्यार इलाके में अर्धसैनिक बलों की एक चौकी पर धावा बोला था।
इससे पहले बुधवार शाम मुहम्मद याकूब भट नाम के एक युवक की बेमिना के नुंड रेशी कॉलोनी में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मौत हो गई थी।
गत शुक्रवार से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या 30 हो चुकी है जबकि 11 जून से जारी हिंसा में अब तक कुल 48 लोग मारे गए हैं।
घाटी में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने श्रीनगर और घाटी के सभी प्रमुख शहरों में कर्फ्यू जारी रखने का फैसला किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में कर्फ्यू जारी है और लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई है।"
इस बीच बारामुला से पीडीपी के विधायक बेग ने पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को अपना इस्तीफा सौंप दिया। पार्टी के एक प्रवक्ता के मुताबिक उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा, "घाटी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए मेरा विधानसभा का सदस्य बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications