आरोप-प्रत्यारोप से बचने के लिए चुप रह गया : कृष्णा (लीड-2)
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता वेंकैया नायडू के एक सवाल के जवाब में कृष्णा ने कहा, "सईद से भारतीय गृह सचिव की तुलना करना हास्यास्पद है। एक आतंकवादी से पिल्लै की तुलना नहीं की जा सकती।"
पिछले दिनों इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच विदेश मंत्री स्तर की वार्ता की पूर्व संध्या पर पिल्लै ने कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसज इंटेलीजेंस (आईएसआई) ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में अहम भूमिका निभाई थी।
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की वार्ता के बाद जब संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस संदर्भ में सवाल पूछा गया तो कुरैशी ने कहा था कि पिल्लै के बयान की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने पिल्लै के बयान की तुलना हाफिज सईद के नफरत फैलाने वाले भाषणों से कर दी थी।
दरअसल, भाजपा के एस.एस. अहलूवालिया सहित अन्य नेताओं ने कृष्णा से जानना चाहा था कि कुरैशी जब पिल्लै की तुलना हाफिज सईद से कर रहे थे, तो उस वक्त वह चुप क्यों रहे गए थे। इसके जवाब में विदेश मंत्री ने कहा, "'इस तरह की तुलना पाकिस्तान जैसे मित्र राष्ट्र के जिम्मेदार विदेश मंत्री की ओर से की गई। मैं वहां (पाकिस्तान) 'आरोप-प्रत्यारोप' में नहीं उलझना चाहता था। उन्हें वहां जवाब देने का कोई मतलब नहीं था।"
कृष्णा ने कहा, "हमारे गृह सचिव ने आईएसआई के संदर्भ में जो बयान दिया था, वह आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ से मिली जानकारी से संबंधित था। हमारी और एफबीआई की पूछताछ में जो बाते सामने आईं है, गृह सचिव ने उनको संज्ञान में लेकर ही बयान दिया था।"
कृष्णा ने कहा, "गृह सचिव विशिष्ट प्रशासनिक अधिकारी हैं..लेकिन मेरा अब भी यही कहना है कि उनके बयान का समय सही नहीं था।"
मुंबई हमले के तार आईएसआई से जुड़े होने के सवाल पर विदेश मंत्री ने कहा, "पाकिस्तान में कई जेहादी संगठन हैं जो भारत के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं। वे हमेशा भारत पर हमले की साजिश रचते हैं। इन संगठनों और आईएसआई को लेकर हमने अपनी चिंता से पाकिस्तान सरकार को अवगत करा दिया है।"
भाजपा नेताओं के हमले का सामना कर रहे कृष्णा को भाजपा के ही एक अन्य नेता तथा वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी से थोड़ी राहत जरूर मिली। जेठमलानी ने कृष्णा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पाकिस्तान में शिष्टाचार निभाते हुए भारतीय तहजीब का परिचय दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications