जयपुर में 2013 से शुरू होगी मेट्रो
गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मेट्रोमैन ई. श्रीधरन की मौजूदगी में जयपुर मेट्रो रेल निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जी. एस. संधु और दिल्ली मेट्रो रेल निगम के निदेशक मंगू सिंह ने मेट्रो रेल समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अध्यक्ष डॉ. ई. श्रीधरन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मेट्रो रेल का पहले चरण का काम नवम्बर से शुरू हो जाएगा और जुलाई 2013 में शहर के चांदपोल इलाके से मानसरोवर के बीच यह रेल सेवा लोगों के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मेट्रो रेल समझौता राज्य के विकास में नई और एतिहासिक शुरुआत है। श्रीधरन ने माना कि मेट्रो रेल एक सामाजिक परियोजना है इसलिए यह मुनाफे के हिसाब से कभी भी सक्षम नहीं रही है। दिल्ली मेट्रो की भी यही स्थिति है। किन्तु दिल्ली मेट्रो सरकार पर बोझ नहीं बनी।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार मेट्रो रेल परियोजना की अनुमानित लागत 9100 करोड़ रुपये मानी जा रही है। इसमें शहर के अजमेर रोड और टोंक रोड कॉरीडोर में किए गए संशोधनों की लागत भी शामिल है। पहले चरण पर 1,250 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 7,850 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। राजस्थान आवासन मंडल की प्रताप नगर और रीको के औद्योगिक क्षेत्र सीतापुरा तक मेट्रो रेल लाइन का विस्तार दूसरे चरण में किए जाने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications