कश्मीर में कर्फ्यू जारी, गिलानी की शांतिपूर्ण प्रदर्शनों की अपील (लीड-2)
पुलिस ने बताया कि 50 वर्षीय गुलाम मोहम्मद बदयारी बुधवार को सुरक्षा बलों की गोलीबारी में उस समय घायल हो गया था जब एक भीड़ ने शहर के गुनपत्यार इलाके में अर्धसैनिक बलों की एक चौकी पर धावा बोला था।
उसको गुरुवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि बदयारी का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
इससे पहले बुधवार शाम मुहम्मद याकूब भट नाम के एक युवक की बेमिना के नुंड रेशी कॉलोनी में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मौत हो गई थी।
गत शुक्रवार से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या 30 हो चुकी है जबकि 11 जून से जारी हिंसा में अब तक कुल 47 लोग मारे गए हैं।
घाटी में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने श्रीनगर और घाटी के सभी प्रमुख शहरों में कर्फ्यू जारी रखने का फैसला किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में कर्फ्यू जारी है और लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई है।"
इस बीच बुधवार को रिहा किए गए गिलानी ने जनता से हिंसा त्यागने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है।
गिलानी ने बुधवार को कहा, "हमारे संघर्ष में हिंसा और आगजनी का कोई स्थान नहीं है।" गिलानी के गुट ने शनिवार तक घाटी में बंद रखने का आह्वान किया है।
लोगों से रविवार से सामान्य गतिविधियां शुरू करने और आवश्यक वस्तुओं का भंडार करने को कहा गया है।
गिलानी की अगुवाई वाले हुर्रियत गुट के घटक मुस्लिम लीग के प्रमुख मसर्त आलम ने शनिवार तक प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया है। उन्होंने मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि अगले कार्यक्रम की घोषणा रविवार को की जाएगी।
इस बीच कर्फ्यू वाले इलाकों में रह रहे लोग दूध, ब्रैड, शिशु आहार और दवाओं की कमी के कारण तकलीफों का सामना कर रहे हैं।
श्रीनगर और घाटी के अन्य प्रमुख शहरों में दुकाने, बाजार, शैक्षिक संस्थान, बैंक और डाक घर बंद रहे। वाहन नहीं चले। सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति नगण्य रही।
कश्मीर विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षाएं 17 अगस्त तक स्थगित कर दी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications