मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं : कलमाडी
कलमाडी ने कहा, "सीजीओसी का अध्यक्ष होने के नाते मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं। मीडिया द्वारा सामने लाई गई वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मुझे नियंत्रक और महालेखा (सीएजी) या फिर किसी न्यायिक जांच से कोई आपत्ति नहीं। मैं यह भी कहना चाहता हूं कि दोषियों को सामने लाकर दंडित किया जाएगा।"
कलमाडी का यह बयान सीजीओसी द्वारा तमाम तरह की अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय पैनल गठित करने के एक दिन बाद आया है।
कलमाडी ने कहा कि उन्होंने जांच पैनल से अपनी रिपोर्ट गुरुवार तक दाखिल करने को कहा है। सीजीओसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह को इस पैनल का प्रमुख बनाया गया है।
कलमाडी ने कहा, "मैंने अनियमितता से जुड़ी रिपोर्ट को गंभीरता से लिया है और यही कारण है कि तीन सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है। हम लंदन में आयोजित क्वींस बैटन रिले के आयोजन के दौरान भुगतान की गई राशि के अलावा स्पोर्ट्स मार्केटिंग एंड मैनेजमेंट (एसएमएएम) नाम की कंपनी से जुड़े मुद्दे पर असल रिपोर्ट चाहते हैं। पैनल को पांच अगस्त तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।"
कलमाडी ने कहा कि सीजीओसी ने वित्तीय फैसलों को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती है और इसमें किसी प्रकार की धांधली की संभावना नहीं है।
बकौल कलमाडी, "फंक्शनल एरिया हेड द्वारा तैयार कोई भी प्रस्ताव पहले सीजीओसी की वित्तीय समिति के सामने जाता है। इसमें सरकार के भी दो नुमाइंदे हैं। इसके बाद इसे वित्तीय उपसमिति के पास भेजा जाता है। इसमें भी सरकार के तीन वरिष्ठ नुमाइंदे हैं। इसके बाद उस प्रस्ताव को अंतिम रूप से हरी झंडी के लिए कार्यकारिणी के सामने रखा जाता है। अध्यक्ष के पास अपनी सीमाएं हैं। वह वित्तीय फैसले नहीं ले सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications