'कलमाडी आयोजन समिति में कांग्रेस के प्रतिनिधि नहीं हैं'
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी से अपने को अलग करते हुए कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि पार्टी सांसद कलमाडी आयोजन समिति में कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में काम नहीं कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने यहां कहा, "कलमाडी आयोजन समिति में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, बल्कि वह वहां भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष के रूप में हैं। वहां पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित अन्य पार्टी के नेता भी हैं।"
खेल परियोजनाओं में अतिरिक्त खर्च और भ्रष्टाचार के बारे में पूछे जाने पर अहमद ने कहा कि पार्टी भी इस बारे में मीडिया रिपोर्टों पर गौर कर रही है। इस बारे में प्रबंधन समिति को बयान देना है।
राष्ट्रमंडल खेलों के कोष में घपलेबाजी पर अहमद ने कहा कि पार्टी इसे लेकर चकित है।
उन्होंने कहा कि खेल मंत्री एम.एस.गिल, शहरी विकास मंत्री एस.जयपाल रेड्डी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जैसे नेताओं की ईमानदारी पर कोई शक नहीं कर सकता। अहमद ने कहा कि दीक्षित ने तो यहां तक कहा था कि लोगों को खेलों के बाद उनकी सरकार के बारे में आंकलन करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications