छत्तीसगढ़ : नक्सलियों से मुठभेड़, 70 पुलिसकर्मी लापता (राउंडअप)
पुलिस महानिदेशक विश्व रंजन ने आईएएनएस को बताया, "सुबह 11 बजे शुरू हुई मुठभेड़ दो घंटे लगातार चली, उसके बाद भी यह जारी है। हमारे सभी जवान सुरक्षित लग रहे हैं लेकिन बेहतर यह होगा कि हम मुठभेड़ पूरी तरह खत्म होने और सुरक्षा बलों के जंगली क्षेत्र से बाहर निकलने का इंतजार करें।"
पुलिस मुख्यालय से मुठभेड़ की निगरानी कर रहे रंजन ने कहा कि नक्सलियों के हमले का जवाब देने के लिए 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और बाद में और 75 पुलिसकर्मियों को मोर्चे पर भेजा गया।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 420 किलोमीटर दूर किरांदुल के निकट गुमियापाल के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा राज्य पुलिस के एक दल पर हमला किए जाने के बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई। किरांदुल में भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड का लौह अयस्क खनन संयंत्र है।
पुलिस मुख्यालय के एक सूत्र ने बताया, "करीब 70 पुलिसकर्मी लापता हैं।"
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं। भारी बारिश के बीच मुठभेड़ जारी है। मैं हताहतों के बारे में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं कर सकता लेकिन यह एक बड़ी मुठभेड़ है।"
राज्य पुलिस के प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, "गुमियापाल जंगलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कमांडर गणेश की अगुवाई में कई नक्सलियों की मौजूदगी का सुराग लगने के बाद सुबह करीब 11 बजे जिला बल (डीएफ) और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) सहित कोया कमांडो की एक बड़ी टुकड़ी को वहां भेजा गया।"
मिश्रा ने कहा, "मुठभेड़ अभी तक जारी है और पुलिस मुख्यालय को विवरण अभी तक नहीं मिल सका है। हमारे जांबाज पुलिसकर्मी नक्सलियों से जमकर लोहा ले रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications