मुंबई का वांछित अपराधी लखनऊ में गिरफ्तार
ओसामा उर्फ राहुल राय को एसटीएफ और मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में लखनऊ के बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के पास से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह रेलगाड़ी से कहीं भागने की फिराक में था। ओसामा जौनपुर जिले का रहने वाला है।
एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ की तरफ से बुधवार देर शाम जारी एक विज्ञप्ति में ओसामा की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी गई।
मुंबई में कई हत्याओं को अंजाम देने वाले ओसामा के उत्तर प्रदेश में छुपे होने की जानकारी के बाद मुंबई पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ से मदद मांगी थी।
विज्ञप्ति के मुताबिक ओसामा पिछले चार सालों से छोटा राजन के लिए शूटर के तौर पर काम कर रहा था। लेकिन अभी वह भरत नेपाली के लिए काम करने लगा था, जो एक समय छोटा राजन गिरोह का शार्प शूटर हुआ करता था।
अंडरवर्ल्ड में अपना प्रभुत्व जमाने के लिए भरत नेपाली कुछ समय पहले छोटा राजन से अलग हो गया था। इसी क्रम में उसने इस साल मई में ओसामा से छोटा राजन गिरोह के एक अन्य सदस्य फरीद तनाशा की मुंबई स्थित उसके घर में हत्या कराई थी। मुंबई पुलिस तनाशा की हत्या में वांछित ओसामा की तलाश कर रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications