अनियमितता संबंधी आरोपों से कड़ाई से निपटा जाए : फेनेल
फेनेल ने कहा, "हम मौजूदा हालात को लेकर चिंतित हैं। हम इस बात को लेकर आश्वस्त करना चाहते हैं कि खेलों के आयोजन में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं जुड़ेगा और खेलों के आयोजन के लिए जरूरी सभी शर्ते पूरी की जाएंगी। हम इस मामले पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।"
"मीडिया के माध्यम से हमें जानकारी मिली कि कुछ आयोजन स्थलों पर मानसून को लेकर परेशानी है। ऐसे आयोजन स्थलों पर हम सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं। साथ ही हम जानना चाहते हैं कि इस संबंध में लगाए गए आरोपों के संबंध में जारी जांच कहां तक पहुंची है।"
सीजीएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर पहले ही आयोजन समिति से केंद्रीय सतर्कता आयोग की रिपोर्ट को लेकर सफाई मांग चुके हैं। साथ ही हूपर ने आयोजन स्थलों पर दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए आयोजकों को सुरक्षा संबंधी प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए भी कहा था।
सीवीसी ने गत गुरुवार को राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी 16 परियोजनाओं में अनियमितिता की बात कह कर चौंका दिया था। सीवीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रमंडल खेल गांव तरणताल, प्रशिक्षण हॉल और एथलेटिक्स ट्रैक सहित इन खेलों से जुड़ी 16 परियोजनाओं के दौरान भारी अनियमितिता बरती गई है।
इसके अलावा दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) द्वारा नेशनल स्टेडियम और एसपीएम तैराकी स्थल में किए गए पुनर्निमाण कार्य के दौरान भी धांधली की गई है।
साथ ही साथ नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा तालकटोरा स्टेडियम में किए गए निर्माण कार्य के दौरान तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा किए गए कार्यो में भी अनियमितता बरती गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications