लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में छात्र मृत पाया गया
लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला क्रिकेट का छात्र फैज आलम मृत पाया गया। पुलिस उपाधीक्षक वीरेंद्र कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि छात्र का शव पूल के बाहर पाया गया ऐसे में उसकी हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस के मुताबिक फैज के शरीर पर हल्की चोट के निशान थे और नाक से खून बह रहा था। उसने तैराकी के लिए जरूरी कपड़े पहन रखे थे। उसके बाकी के कपड़े और जूते तरणताल के करीब ही रखे थे।
कुमार ने कहा कि फैज की हत्या की गई या वह डूब कर मरा है, यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा।
कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि फैज ने कॉलेज के दूसरे छात्रों के साथ सुबह होने वाली नेट प्रैक्टिस में हिस्सा लिया था, लेकिन शैक्षणिक कक्षा में वह अनुपस्थित था।
उन्होंने कहा कि घटना के वक्त उसके साथ कोई था या नहीं, इसका पता नहीं चल पाया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फैज का परिवार शहर के इंदिरा नगर इलाके में रहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications