इस्लामी नेता के खिलाफ युद्ध अपराध मामले में सुनवाई
वह देश का ऐसा पांचवा इस्लामी नेता है जिस पर युद्ध अपराध संबंधी मामला दर्ज किया गया है।
बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधीकरण ने जमात-ए-इस्लामी के उप प्रमुख देलवार हुसैन सईद को मंगलवार को पेश करने का निर्देश दिया है।
'द डेली स्टार' समाचार पत्र की वेबसाइट 'स्टार ऑनलाइन' के मुताबिक न्यायाधीश निजामुल हक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय न्यायाधीकरण ने 10 अगस्त का दिन सुनवाई के लिए तय किया है। इस दौरान सईद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए न्यायाधीकरण की अनुमति के लिए अभियोजन पक्ष द्वारा दायर की गई अपील पर सुनवाई होगी।
न्यायाधीकरण सईद के अलावा इस मामले में गिरफ्तार अन्य चार लोगों के वकीलों द्वारा दायर की गई याचिकाओं पर भी सुनवाई करेगा। इन चार लोगों में जमात प्रमुख मोतिउर रहमान निजामी, जमात के महासचिव अली एहसान मुहम्मद मुजाहिद और दो वरिष्ठ महासचिव मुहम्मद कमारुज्जमान और अब्दुल कादर मोला शामिल हैं।
इन पांचों पर इस्लामी आतंकवादी संगठन अल बदर से ताल्लुक रखने का आरोप है। अल बदर ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान स्वतंत्रता समर्थक लोगों और धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ लूट, दुष्कर्म और हत्या को अंजाम दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications