सर्वाधिक टेस्ट खेलने पर तेंदुलकर को लोकसभा की बधाई (लीड-1)
सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों को तेंदुलकर की इस शानदार उपलब्धि की जानकारी दी। इस पर सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने मेजें थपथपाकर तेंदुलकर को बधाई दी।
मीरा कुमार ने कहा, "सचिन तेंदुलकर विश्व में सर्वाधिक टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मुझे यकीन है कि मेरे साथ-साथ आप सब भी इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देना चाहेंगे।"
लोकसभाध्यक्ष ने कहा कि तेंदुलकर की इस सफलता से देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा, "यह महान उपलब्धि है। इससे निश्चित तौर पर युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। मैं तेंदुलकर को भविष्य के लिए शुभकमाएं देती हूं।"
तेंदुलकर ने मंगलवार को कोलंबो के पी. सारा ओवल मैदान पर श्रीलंका के साथ जारी तीसरे टेस्ट मैच के लिए मैदान में उतरने के साथ ही वॉ का रिकार्ड तोड़ा था। वह अपने करियर के 169वें मैच में खेल रहे हैं।
वॉ टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके हैं और उसके बाद आस्ट्रेलिया के एलन बार्डर (156) इस क्रम में तीसरे स्थान पर हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग 145 टेस्ट मैचों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं जबकि भारत के राहुल द्रविड़ 141 टेस्ट मैचों के साथ पांचवें क्रम पर हैं।
वर्ष 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट करियर का आगाज करने वाले तेंदुलकर ने 169 टेस्ट मैचों की 274 पारियों में 29 बार नाबाद रहते हुए अब तक कुल 13742 रन अपने नाम किए हैं। इनमें 48 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं। तेंदुलकर का औसत 56.08 रहा है जबकि उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 248 रन (नाबाद) है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications