जहरीली शराब पीते ही 3 की मौत
पटना। बिहार के भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बिहपुर बाजार में एक शराब की दुकान पर सुबोध कुमार मंडल, शंभुनाथ गुप्ता तथा संजीव शाह ने शराब का सेवन किया था। शराब पीने के तुरंत बाद बाजार में ही तीनों के पेट में दर्द हुआ और फिर वे बेहोश होकर गिर गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें नजदीक के एक निजी दवाखाने में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सक ने उन्हें अन्य जगह ले जाने की सलाह दी। इलाज के लिए उन्हें भागलपुर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही तीनों की मौत हो गई। बिहपुर थाना प्रभारी क़ेपी़ सिंह ने बताया कि थाने में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उन्होंने बताया कि शराब की दुकान से शराब की बोतलें जब्त कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि शवों के पोस्टमार्टम और बोतल की जांच के बाद ही मौत के कारणों की सही जानकारी मिल पाएगी। वैसे मृतक के परिजन जहरीली शराब पीने के कारण ही मौत होने की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications