पाक ने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की : ओबामा
वाशिंगटन, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में प्रगति का दावा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि पाकिस्तान ने अपनी सीमा के भीतर कट्टर हिंसक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। अलकायदा और उसके नेताओं के खिलाफ यह बड़ा हमला है।
जार्जिया के अटलांटा में सोमवार को युद्ध में विकलांग हुए सैनिकों के राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा, "अफगानिस्तान में हम भारी चुनौती का सामना कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "परंतु अमेरिकी लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि हम प्रगति कर रहे हैं और हमारा लक्ष्य स्पष्ट और हासिल करने योग्य है।"
अफगानिस्तान में सेना बढ़ाने के अपने फैसले का बचाव करते हुए ओबामा ने कहा कि सेना अब कट्टरपंथी तत्वों के खिलाफ अक्रामक है। यदि अफगानिस्तान में हिंसा को बढ़ने दिया जाएगा तो अलकायदा और उसके सहयोगी संगठनों को अगले हमले की योजना के लिए अधिक मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा, "अमेरिका का राष्ट्रपति होने के नाते मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।"
ओबामा ने कहा, "पाकिस्तान सरकार ने अपनी सीमा के भीतर हिंसक चरमपंथी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। अलकायदा और उसके नेतृत्व के लिए यह एक बड़ा धक्का है।"
उन्होंने कहा, "मैं याद दिलाना चाहूंगा कि अलकायदा ने 9/11 हमले की योजना अफगानिस्तान में बनाई, जिसमें 3,000 लोग मारे गए। अफगानिस्तान और पाकिस्तान का कबायली इलाका ही वह क्षेत्र है जहां से आतंकवादी हम पर हमारे सहयोगियों पर हमले करते हैं।"
ओबामा ने कहा कि अफगानिस्तान में लंबे और कठिन प्रयासों को देखते हुए उन्होंने पिछले वर्ष दिसंबर में एक नई रणनीति की घोषणा की। इसमें तालिबान को तोड़ने के लिए सैनिक कार्रवाई के साथ ही अफगान फौजों को सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण देना शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications