उप्र में एफसीआई के गोदाम में लाखों टन गेंहू सड़ा
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव किरीट सोमैया ने उत्तर प्रदेश के स्थानीय विधायकों-सुरेश खन्ना और सुनील द्विवेदी के साथ सोमवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम का औचक निरीक्षण किया और वहां अनाज की 3,97,000 बोरियों को खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ पाया।
सोमैया ने अपने इस दौरे के दौरान एफसीआई के उस रैकेट का भंडफोड़ किया, जो गरीब जनता को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बुरी तरह सड़े हुए गेहूं की आपूर्ति कर रहा है।
भाजपा मुख्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि शाहजहांपुर के गोदाम में गेहूं की कुल 7,18,000 बोरियां जमा हैं। इनमें से 3,97,000 बोरियां कई महीनों से खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई हैं। इसमें से आधा माल दो साल पुराना है। इसे आंशिक रूप से ढका गया है। बारिश के कारण गेहूं में सड़ांध आ गई है।
किरीट सोमैया ने एफसीआई के गोदाम का यह औचक दौरा, सरकार को बेनकाब करने के लिए भाजपा की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications