अब हमारी नौकरियां भारत, चीन नहीं जा रही हैं : ओबामा
वाशिंगटन, 3 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका आर्थिक मंदी से बाहर निकल रहा है। इसमें उनकी आर्थिक नीतियों का योगदान है जिसमें यह भी सुनिश्चित किया गया है कि नई नौकरियां और उद्योग भारत और चीन न जाने पाएं।
विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी पर आरोप लगाते हुए ओबामा ने कहा कि पिछले करीब एक दशक की आर्थिक नीतियों से हमारी विकास दर सुस्त रही, आय में गिरावट आई, एक रिकॉर्ड घाटा झेलना पड़ा और ऐसी नीतियां मिलीं जिनसे गंभीर वित्तीय संकट उठ खड़ा हुआ। ऐसे दौर के बाद जनवरी 2009 में उन्होंने सत्ता संभाली।
जॉर्जिया, अटलांटा में डेमोक्रेटिक पार्टी के चंदा इकट्ठा करने वाले कार्यक्रम में सोमवार को उन्होंने कहा कि यह जो स्थिति पैदा हुई है वह अचानक नहीं आई। इस आर्थिक संकट की वजह से हमने 80 लाख नौकरियां गंवाईं।
ओबामा ने कहा, "वाशिंगटन के 10 साल के आर्थिक एजेंडे के बाद हम यहां आ पहुंचे हैं जो बहुत स्पष्ट है : आपने करोड़पतियों के करों में कटौती कर दी, विशेष हितों के लिए आपने नियमों में कटौती की और आपने काम करने वालों की संख्या में कटौती कर दी।"
राष्ट्रपति ने कहा, "यह पिछले प्रशासन (रिपब्लिकन) और कांग्रेस में उनके मित्रों का दर्शन था।"
ओबामा ने कहा कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला तो नई आर्थिक योजना को आगे बढ़ाया जो लालच के बजाय कठिन परिश्रम को पुरस्कृत करती है। यह नीति लापरवाही के बजाय जिम्मेदारी को पुरस्कृत करती है।
राष्ट्रपति ने कहा, "यह नीति हमारे मध्यम वर्ग को ज्यादा सुरक्षित करती है और लंबी दौड़ के लिए हमारे राष्ट्र को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाती है जिससे हमारे यहां से भविष्य की नौकरियां और उद्योग भारत और चीन की तरफ नहीं जा रही हैं बल्कि यहां अमेरिका में उनका सृजन हो रहा है।"
ओबामा ने कहा कि पिछले दशक की नीतियों की वजह से हम इस जगह आ खड़े हुए हैं जहां से निकलने के लिए हमें कुछ वक्त चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications