नौकरों ने की थी पूर्व मंत्री की पत्नी की हत्या, 2 गिरफ्तार (लीड-1)
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक करमवीर सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूर्व मंत्री के घर के पुराने नौकर शंकर व ललन की गिरफ्तारी के बाद घटना का खुलासा हुआ।
सिंह के मुताबिक नौकर शंकर ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने और पूर्व नौकर रवि ने मिलकर हत्या की जबकि ललन और जशोध घटना में शामिल थे। हत्या करके उन्होंने कमरे से 10 लाख रुपये की लूट की थी।
पुलिस के मुताबिक रवि भी भाजपा नेता के यहां पहले नौकर हुआ करता था लेकिन चोरी करते पकड़े जाने के बाद उसे निकाल दिया गया था। रवि और शंकर दोनों बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रवि ही पूरी घटना का मास्टरमाइंड है। उसी ने भाजपा नेता के घर के वर्तमान नौकर से संपर्क करके अपने साथी जशोध के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। इन सभी के दोस्त ललन ने इनको मोबाइल फोन देकर भागने में मदद की।
सिंह के मुताबिक लूट के दो लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य फरार आरोपियों रवि और जशोध की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए उन पर इनाम भी घोषित कर दिया गया है। साथ ही पुलिस की एक टीम बिहार भेज दी गई है।
मालूम हो कि गत शनिवार को हुकुम सिंह की पत्नी रेवती सिंह (70)की मुजफ्फरनगर के नई मंडी स्थित आवास में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications