निशंक को बम से उड़ाने की धमकी, 1 गिरफ्तार (लीड-1)
पुलिस ने इस मामले में धर्मेद्र नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। उसके पहचान पत्र से मोबाइल का सिम जारी हुआ था। धर्मेद्र का कहना है कि उसने फोन नहीं किया है। इसके बाद पुलिस सिम से किए गए सभी टेलिफोन कालों को खंगाल रही है ताकि कॉल करने वाले के संबंधों के तार समझे जा सकें।
वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक देहरादून जी.एस. मटोलिया ने बताया कि पुलिस मामले पटाक्षेप करने के काफी करीब पहुंच गई है। देर रात तक सब साफ हो जाएगा और दोषी पुलिस के कब्जे में होगा।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में टेलीफोन करके धमकी दी है कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बम से उड़ा देगा। राज्य के पुलिस मुख्यालय में स्थित पुलिस महानिदेशक कंट्रोल रूम के हेड आपरेटर मेघ राज सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सिटी कंट्रोल रूम को दोपहर 2.50 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल नंबर 9458124710 से कॉल आया।
उसने बताया कि उस व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन उठाने वाले आपरेटर से कहा कि वह राज्य के मुख्यमंत्री को बम से उड़ा देगा। जवाब में आपरेटर ने जब फोन करने वाले का नाम जानना चाहा तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को भी बम से उड़ा देने की धमकी दे डाली। कंट्रोल रूम ने आनन फानन में इस मामले की जानकारी राज्य के उच्च अधिकारियों को दे दी।
इस धमकी के बाद मुख्यमंत्री निवास और सचिवालय के आस-पास पुलिस और सुरक्षा बलों को अत्यधिक सतर्क कर दिया गया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और टेलीफोन करने वाले व्यक्ति के बारे में भी खुफिया विभाग को सतर्क कर दिया गया है। मुख्यमंत्री निशंक 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर परेड ग्राउंड पर मुख्य सरकारी समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications