कृष्णा की सख्ती के बाद साफ हुआ सीडब्लूजी जांच का रास्ता
मनीष चांद
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने मंगलवार सुबह जब विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा से मुलाकात की तो कृष्णा ने उन्हें भारतीय उच्चायोग की ओर से भेजा गया असली ईमेल दिखाया। इस ईमेल में छेड़छाड़ कर इस बात का दावा किया गया था कि लंदन स्थित कंपनी की सेवाएं उच्चायोग के एक अधिकारी द्वारा सुझाव दिए जाने के बाद ली गई थीं।
विश्वस्त सूत्रों ने कहा कि कृष्णा की सख्ती के बाद ही आयोजन समिति ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की।
सूत्रों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि कृष्णा ने कलमाडी को वे ई-मेल दिखाए, जिसे कलमाडी ने यह दावा करने के लिए इस्तेमाल किया था कि उच्चायोग द्वारा सिफारिश किए जाने के बाद एएम फिल्म्स को सेवाएं मुहैया कराने के लिए भुगतान किया था।
कृष्णा ने कलमाडी से कहा कि उच्चायोग से भेजे गए ई-मेल से ये ई-मेल अलग हैं। असली ईमेल के साथ छेड़छाड़ की गई है।
कलमाडी ने अपने दावे के पक्ष में उच्चायोग के एक कनिष्ठ अधिकारी द्वारा भेजे गए एक ई-मेल का हवाला दिया था।
सूत्रों ने कहा कि उच्चायोग ने विदेश मंत्रालय को एक रिपोर्ट भेजी है और इस बात को स्पष्ट किया है कि उसने अक्टूबर में क्वींस बैटन के रिले के दौरान आयोजन समिति के लिए कंपनी का सुझाव नहीं दिया था। रिपोर्ट में संकेत किया गया है कि कलमाडी द्वारा पेश किए जा रहे मेल छेड़छाड़ के साथ तैयार किए गए हैं।
सूत्रों ने यह भी कहा कि आयोजन समिति के अधिकारियों ने लंदन में होटल के किरायों के बारे में छानबीन की थी। लेकिन समिति ने बैटन रिले के लिए जरूरी किराए के कारों के बारे में कोई छानबीन नहीं की थी।
उच्चायोग ने यह भी कहा है कि राजू सेबस्तियन नामक जिस अधिकारी ने संभवत: लंदन स्थित कंपनी, एएम फिल्म्स के बारे में आयोजन समिति को सुझाव दिया था, वह इस काम के लिए अधिकृत नहीं है। एएम फिल्म्स के मालिक आशीष पटेल हैं।
इस तरह कृष्णा द्वारा कलमाडी को करारा जवाब दिए जाने और संसद में इस भ्रष्टाचार पर होहल्ला मचने के बाद आयोजन समिति ने मामले की जांच के लिए अपराह्न् में आदेश जारी किया और एक तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की।
आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने घोषणा की कि तीन सदस्यीय समिति में आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी जरनैल सिंह, विशेष वित्त महानिदेशक जी.सी.चतुर्वेदी और मुख्य सतर्कता अधिकारी गुरज्योत कौर शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications