कश्मीर घाटी में कर्फ्यू
श्रीनगर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर में जारी हिंसा और अलगवादियों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर मंगलवार को घाटी के अधिकांश इलाको में कर्फ्यू लगा दिया गया। हिंसा में बीते शुक्रवार से अब 22 लोग मारे जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हिंसा के मद्देनजर सुरक्षा पुख्ता की गई है। अतरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है। हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैय्यद अली शाह गिलानी की ओर से प्रदर्शन और जुलूस का आह्वान किया गया है।
घाटी में हिंसा ने सोमवार को आठ लोगों को अपना शिकार बनाया। इसमें छह लोगों की मौत पुलिस की गोलीबारी में हुई। इसके साथ ही शुक्रवार से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़ कर 22 हो गई है। दूसरी ओर हिंसा को शांत करने के लिए संघर्ष कर रहे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात से निपटने के लिए केंद्र सरकार से और सुरक्षा बलों की मांग की है।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि राजनीतिक उपायों के जरिए ही स्थिति पर काबू किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम उठाए जाने के लिए राज्य में सामान्य स्थिति की बहाली आवश्यक है। इसके लिए अब्दुल्ला ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications