कश्मीर में गोलीबारी में एक और मौत, पांच दिन में 24 मौतें (लीड-1)
श्रीनगर के ईदगाह इलाके में कर्फ्यू तोड़कर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ पर सुरक्षाबलों की गोलीबारी में अनीस अहमद की मौत हो गई। इससे पहले मेहराज-उल-दिन नाम के 23 वर्षीय युवक की मौत श्रीनगर के लालचौक से छह किलोमीटर दूर बरथाना इलाके में हुई।
इसके अलावा उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में एक किसान घायल हो गया वहीं बड़गाम जिले के सीखपोरा इलाके में पुलिस की गोलीबारी में दो प्रदर्शनकारी घायल हुए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "अनीस अहमद की मौत तब हुई जब ईदगाह इलाके में कर्फ्यू तोड़कर प्रदर्शन कर रही भीड़ पर नियंत्रण के लिए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी की।"
अहमद की मौत के बाद ईदगाह इलाके में उसकी शवयात्रा निकाली गई। शवयात्रा के दौरान कोई हिंसक घटना रोकने के लिए अधिकारियों ने शवयात्रा के मार्ग से सुरक्षाबलों को पूरी तरह हटा लिया।
बारामूला के रंगवार गांव में सुरक्षाबलों की गोली से गंभीर रूप से घायल हुए किसान की पहचान मुहम्मद अकबर (45) के रूप में हुई है।
अकबर को इलाज के लिए श्रीनगर लाया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "कर्फ्यू वाले इलाकों में लगातार घोषणा की जा रही है कि लोग सड़कों पर न निकलें लेकिन इसके बावजूद सीखपोरा इलाके में लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पथराव के चलते हुई गोलीबारी में दो प्रदर्शनकारी घायल हुए जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है। इन लोगों को पैरों में चोट लगी है।
अलगाववादी नेता सैय्यद अली गिलानी ने शेर-ए-कश्मीर अस्पताल से मंगलवार को एक शांतिपूर्ण रैली निकालने की घोषणा की थी। गिलानी इस अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने इस रैली की मंजूरी नहीं दी है।
गिलानी ने सोमवार को कहा था कि वह इस रैली का नेतृत्व करेंगे और रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगी। अधिकारियों ने हालांकि श्रीनगर शहर और घाटी के प्रमुख कस्बों में कर्फ्यू जारी रखा है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम से मुलाकात करके लौटे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को श्रीनगर में एक बैठक आयोजित की।
इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।
सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच 11 जून से चल रहे इस संघर्ष में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications