नक्सलियों के कारण लौह अयस्क की ढुलाई प्रभावित : एनएमडीसी
रायपुर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा 'शहीद सप्ताह' घोषित किए जाने की वजह से लौह अयस्क की ढुलाई प्रभावित हुई है। एनएमडीसी कंपनी के अधिकारियों की मानें तो ढुलाई में 35 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई है।
एनएमडीसी के एक अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों के हमलों की आशंका से रात में रेल के माध्यम से अयस्क आपूर्ति प्रभावित हुई है और 28 जुलाई से लौह अयस्क की ढुलाई में 35 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर एक दिन में 60,000 टन लौह अयस्क की आपूर्ति होती है।"
देश में सबसे अधिक नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बचेली और किराडुल इलाके में निजी क्षेत्र की लौह अयस्क खानें हैं।
अधिकारी ने बताया कि चार अगस्त से दोबारा सही मात्रा में ढुलाई होने की उम्मीद है क्योंकि नक्सलियों का 28 जुलाई से शुरू हुआ 'शहीद सप्ताह' मंगलवार रात को समाप्त हो जाएगा।
नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए अपने नेताओं के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में भी 'शहीद सप्ताह' मनाने का ऐलान किया था। उल्लेखनीय है कि खनिज संपदा के मामले में धनी छत्तीसगढ़ में नक्सली अक्सर बंद का ऐलान करते रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications