बांग्लादेशी कंपनी भारत में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगाएगी
प्राण समूह के उप कार्यकारी निदेशक अहसान खान चौधरी ने कहा, "अगरतला में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए भारतीय कंपनियों से बातचीत अंतिम दौर में है।"
उन्होंने कहा, "समूह ने भारत में निवेश करने के लिए बांग्लादेश बैंक से अनुमति मांगी है।"
त्रिपुरा सरकार ने इस समूह को पश्चिमी त्रिपुरा के बोधजंग नगर औद्योगिक क्षेत्र में एक एकड़ जमीन आवंटित की है। यह इकाई लगाने के लिए समूह ने प्राण ब्रेवरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का गठन किया है।
चौधरी ने कहा, "भारत द्वारा बांग्लादेश और पाकिस्तान के उद्यमियों द्वारा भारत में निवेश करने पर लगी रोक हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने भी अपने उद्यमियों पर विदेश में निवेश करने पर लगी रोक हटा ली है।"
वर्ष 1981 में स्थापित हुआ प्राण समूह स्नैक्स, मिष्ठान्न, पेय, खाद्य पदार्थ और डेयरी उत्पाद बनाता है। इसके अलावा कंपनी फर्नीचर, प्लास्टिक और पीवीसी पाइप भी बनाती है। यह समूह करीब 77 देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications