बांग्लादेश के नोमन खान को मैग्सेसे पुरस्कार
रमन मैग्सेसे अवार्ड फाउंडेशन (आरएमएएफ) ने पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा है, "पुरस्कार चयन समिति ने बांग्लादेश की विकास प्रक्रिया से विकलांगों को जोड़ने और सभी क्षेत्रों में समावेशी व बाधा रहित समाज निर्माण के लिए नोमन को इस पुरस्कार के लिए चुना है।"
समाचार पत्र 'बीडी न्यूज24 डॉट कॉम' के अनुसार गैर सरकारी संगठन 'सेंटर फॉर डिसएबिलिटी' (सीडीडी) के कार्यकारी निदेशक नोमन मैग्सेसे पुरस्कार पाने वाले बांग्लादेश के 10वें व्यक्ति बन गए हैं।
सीडीडी की स्थापना 1996 में हुई थी। संगठन ने बांग्लादेश में इस दौरान 350 संगठनों के 10,000 से अधिक विकलांग श्रमिकों को प्रशिक्षित किया।
इस वर्ष के मैग्सेसे पुरस्कारों के अन्य विजेताओं में फिलीपींस के अध्यापक क्रिस्टोफर बरनिडो और उनकी पत्नी मारिया विक्टोरिया शामिल हैं। दोनों को देश और विज्ञान के प्रति प्रतिबद्धता तथा गरीबी और अभाव के बीच भी कम लागत की प्रभावी प्राथमिक शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुरस्कृत करने का फैसला किया गया।
चीन के फोटो पत्रकार हू दाइशैन को महान नदी हुएई और उससे जीवन यापन करने वाले कई समुदायों को बचाने के लिए भारी कठिनाइयों के बीच निस्वार्थ प्रयास के कारण मैग्सेसे पुरस्कार के लिए चुना गया है।
चीन के नौकरशाहों पान युई और फू क्विपिंग को पर्यावरण संरक्षण के उनके कार्यो के कारण चुना गया है।
मैग्सेसे पुरस्कार के चुने गए लोगों को 31 अगस्त को मनीला में एक समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा।
एक विमान दुर्घटना में मारे गए फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रमन मैग्सेसे के सम्मान में वर्ष 1957 में इस पुरस्कार की स्थापना की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications