चीन में विश्व का सबसे बड़ा डायनासोर संग्रहालय
यह संग्रहालय चीन के शानडोंग प्रांत में है और इसे सोमवार को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स' में शामिल किया गया।
वर्ष 2004 में स्थापित 'शानडोंग तियानयू म्यूजियम ऑफ नेचर' पूरी तरह डायनासोर को समर्पित है। इसमें डायनासोर के वक्त के अन्य जीवों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई है।
इस संग्रहालय के संचालकों ने इस वर्ष जून में इसे 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स' में शामिल करने के लिए आवेदन किया था। सोमवार को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स' ने इसकी पुष्टि कर दी।
संग्रहालय के सहायक क्यूरेटर यिन शियिन ने बताया, "यह संग्रहालय 28,000 वर्ग मीटर में फैला है। इसमें डायनासोर से जुड़ी 1106 प्रतिकृतियां हैं। इन प्रतिकृतियों के माध्यम से डायनासोर की सभी प्रजातियों के बारे में जानकारी मुहैया कराई गई है। यही नहीं, इसमें अन्य कई प्राचीन जीवों के बारे में भी जानकारी दी गई है।"
संग्रहालय में 1000 से अधिक डानसोर की आकृतियां बनाई गई हैं। इस संग्रहालय को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स' में शामिल किए जाने की खुशी में इस वर्ष सितंबर में यहां एक समारोह आयोजित किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications