लोकसभा में घाटी के हालात पर चिंता जताई गई
नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी की मौजूदा स्थिति पर सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेताओं ने चिंता जताई और सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, "बीते कुछ दिनों से कश्मीर में स्थिति चिंताजनक है। कल (रविवार) सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक भी हुई थी। हम सरकार से यह जानना चाहते हैं कि पूरी स्थिति क्या है और इस पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं।"
इस मामले पर जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा, "कश्मीर के हालात चिंताजनक हैं। मैं समझता हूं कि सरकार इस मामले को लेकर चिंतित है और ऐसे में हम भी पूरी स्थिति से अवगत होना चाहते हैं। हमसे जो भी होगा, हम इस मामले में सरकार का पूरा सहयोग करेंगे।"
कश्मीर के हालात पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने भी चिंताई जताई। उन्होंने कहा, "कश्मीर को लेकर बड़ी समस्या यह है कि अब तक कोई भी सरकार वहां के लोगों का विश्वास नहीं जीत पाई है। समस्या को हल करने के लिए हम सभी को कश्मीर के लोगों का विश्वास जीतना जरूरी है।"
गौरतलब है कि सोमवार को एक घायल युवक की मौत के बाद घाटी में पिछले चार दिनों से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications