तालिबान ने आस्ट्रेलियाई हथियार हासिल किए : रिपोर्ट
सिडनी, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में तालिबान के शस्त्र भंडार में आस्ट्रेलियाई हथियार और युद्ध उपकरण पाए गए हैं। कयास लगाया जा रहा है कि विदेशी सैनिकों द्वारा प्रशिक्षित अफगान सैनिकों ने सेना के लिए भेजे गए हथियारों की चोरी की होगी।
समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' में प्रकाशित खबर के अनुसार विकिलीक्स वेबसाइट पर दर्शाए गए बीते छह वर्षो के दस्तावेज से पता चलता है कि नाटो के नेतृत्व वाले सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) के जवान जब सड़क किनार रखे बमों को निष्क्रिय कर रहे थे और तालिबान के हथियार भंडार पर कब्जा कर रहे थे, उस दौरान उन्होंने आस्ट्रेलियाई मोर्टार शेल, एक हैंड-ग्रेनेड और अन्य उपकरण बरामद किए।
दस्तावेज के मुताबिक आस्ट्रेलियाई जवानों ने सैकड़ों अफगान सैनिकों को प्रशिक्षित किया और अफगान पुलिस के साथ काम किया।
गत दिसंबर में नाटो के एक दस्ते ने तालिबान के हथियार भंडार में आस्ट्रेलियाई एके-47 राइफल और सड़क किनारे रखे जाने वाले बम बनाने की सामग्री सहित युद्ध उपकरण पाए।
रिपोर्ट के अनुसार इन हथियारों का इस्तेमाल आस्ट्रेलियाई सैनिक करते थे। इन हथियारों के आतंकवादियों हाथों में जाने से नाटो के अभियान पर असर पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications