पुरस्कृत होंगे 90 की उम्र में समाज में योगदान देने वाले
चण्डीगढ़, 2 अगस्त (आईएएनएस)। यदि आपकी उम्र 90 वर्ष या इससे ज्यादा है और आप अब भी हरियाणा में समाज के लिए काम कर रहे हैं तो आपको 100,000 रुपये का पुरस्कार मिल सकता है।
हरियाणा सरकार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए पुरस्कारों की एक योजना शुरू की है। इसके तहत अलग-अलग श्रेणियों में पांच पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक पुरस्कार में 100,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के पिता व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रणबीर सिंह के नाम पर 90 वर्ष से अधिक उम्र के सक्रिय बुजुर्गो को चौधरी रणबीर सिंह शतायु पुरस्कार दिया जाएगा।
रणबीर सिंह भारत की संविधान सभा (स्वतंत्रता से पहले) के अकेले जीवित बचे सदस्य थे। उनका पिछले साल फरवरी में 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
वह 1952 में हुए पहले आम चुनाव में लोकसभा के लिए रोहतक सीट से निर्वाचित हुए थे और वह 1957 में भी यहां से विजयी हुए थे। वह पूर्व पंजाब और हरियाणा सरकारों में मंत्री रहे थे
हरियाणा की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री गीता भुक्कल ने बताया, "वरिष्ठ नागरिकों के लिए पांच पुरस्कारों चौधरी रणबीर सिंह शतायु पुरस्कार, मदर टेरेसा पुरस्कार, सरदार वल्लभ भाई पटेल साहस एवं बहादुरी पुरस्कार, महात्मा गांधी पंचायत पुरस्कार और महात्मा ज्योतिबा फूले लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार शामिल हैं। ये पुरस्कार हर साल दिए जाएंगे।"
उन्होंने कहा, "राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को प्रोत्साहित व प्रेरित करने के मकसद से यह शुरुआत की गई है।"
इस पुरस्कार योजना का मकसद विस्तार से बताते हुए भुक्कल ने कहा, "संयुक्त परिवार प्रणाली पूरी तरह खत्म हो रही है और बुजुर्गो को पारिवारिक मदद न देने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। हमें ऐसी अनुकूल परिस्थितियां बनाने की आवश्यकता है जिनमें वरिष्ठ नागरिक अपना शेष जीवन सम्मान के साथ जी सकें और वे समाज को विभिन्न क्षेत्रों में अपने अनुभवों का लाभ पहुंचाएं।"
हरियाणा की 2.11 करोड़ (वर्ष 2001 की जनगणना के मुताबिक) आबादी का 6.8 प्रतिशत हिस्सा 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके बुजुर्गो का है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications