अपनी अदालतों में भारतीयों की गवाही चाहता है पाकिस्तान
वाशिंगटन, 2 अगस्त (आईएएनएस)। आतंकवादी समूहों को समर्थन देने की पाकिस्तान की नीति में बदलाव का दावा करते हुए अमेरिका में उसके राजदूत ने कहा कि मुंबई हमले के दोषियों को सजा दिलाने के लिए भारत से अपने अधिकारियों को पाकिस्तानी अदालतों में गवाही के लिए भेजने को कहा गया है।
अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत हुसैन हक्कानी ने रविवार को समाचार चैनल सीएनएन पर कहा कि मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार लोग इस समय गिरफ्तार हैं।
उन्होंने कहा, "हमने भारत से साक्ष्य उपलब्ध कराने और मामले की जानकारी रखने वाले भारतीय अधिकारियों को हमारी अदालतों में गवाही देने के लिए पाकिस्तान भेजने का आग्रह किया है। हम मुकदमे की प्रक्रिया पूरी करने और दोषियों को दंडित करने में सक्षम हैं।"
साक्षात्कारकर्ता के यह कहे जाने कि यदि ऐसा हुआ तो पाकिस्तान की नीति में यह बड़ा बदलाव होगा, हक्कानी ने कहा, "पाकिस्तान की नीति में 9/11 के बाद बड़ा बदलाव आया। मेरे विचार से बदलाव की गति अब और तेज हो गई है।"
उन्होंने कहा, "हमारा सैन्य नेतृत्व, खुफिया नेतृत्व और नागरिक नेतृत्व सभी के समान विचार हैं।"
हक्कानी ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के इतिहास ने काफी अधिक लोगों को लोकतंत्र, पड़ोसियों और अमेरिका के साथ उसके संबंधों के बारे में काफी गलत धारणाएं पैदा करने का मौका दिया है।
उन्होंने कहा कि अपने पड़ोसियों के साथ विवादों को सुलझाने में पाकिस्तान यदि कामयाब हो जाए और अमेरिका उसके बदलाव को समर्थन दे तो एक देश के रूप में पाकिस्तान का भविष्य अच्छा है।
विकिलीक्स के खुलासे में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के तालिबान के साथ सहयोग के दोहरे खेल के बारे में पूछे जाने पर हक्कानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान का उल्लेख किया कि इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है जिसके बारे में हमने पहले न सुना हो।
उन्होंने कहा, "सबसे महत्वपूर्ण है कि पिछले दो वर्षो से पाकिस्तान और अमेरिका ने संबंधों के एक नए चरण में प्रवेश किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications