टीआरएस के नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली
विधानसभा अध्यक्ष एन. किरणकुमार रेड्डी ने सदस्यों को विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। इससे पहले विधायकों ने विधानसभा भवन के समक्ष स्थित गुन पार्क में तेलंगाना के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधानसभा में पार्टी के प्रवक्ता के रूप में दोबारा चुने गए ई. राजेंद्र और उनके सहयोगी टी. हरीश राव व अन्य ने विधानसभा में प्रवेश से पहले 'जय तेलंगाना' के नारे लगाए।
राजेंद्र ने पत्रकारों से कहा कि उनकी भारी जीत से यह साबित हो गया है कि पृथक तेलंगाना राज्य के गठन का लक्ष्य बिना किसी संशय के जल्द प्राप्त कर लिया जाएगा।
इन सभी विधायकों ने इस साल फरवरी में पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की मांग पर विधानसभा में इस्तीफे दे दिए थे। टीआरएस के सभी 10 विधायकों और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक-एक विधायकों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए थे। उनकी मांग थी कि केंद्र सरकार तेलंगाना गठन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अपने नौ दिसंबर के बयान पर लौटे।
जिन विधायकों ने इस्तीफे दिए थे वे दोबारा भारी बहुमत से निर्वाचित हुए हैं। चिरंजीव रमेश ने विधानसभा से इस्तीफे के बाद तेदेपा छोड़ दी थी, इस बार पर टीआरएस के टिकट पर विजयी हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications