राजस्थान में एनीकट और चेकडैम बनाने पर रोक
जयपुर, 2 अगस्त (आईएएनएस)। प्रदेश में बढ़ते पेयजल संकट से निपटने के उपायों के तहत राज्य सरकार ने पूर्व में निर्मित बांधों और तालाबों के जल ग्रहण क्षेत्र में भविष्य में किसी भी प्रकार के एनीकट, चेकडैम एवं जल संरक्षण संबंधी ढांचों के निर्माण पर रोक लगा दी है।
सरकार की ओर से सोमवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि इस तरह के निर्माण के लिए पहले राज्य सरकार की अनुमति लेनी जरूरी होगी।
पिछले कुछ वर्षो के दौरान कम वर्षा तथा बांधों में पानी की कमी के कारण राज्य में गंभीर जल संकट पैदा हो गया है। बांधों एवं तालाबों में पानी नहीं आने के कारण भू-जल स्तर भी तेजी से नीचे गिरा है, जिससे पेयजल की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
आदेश में कहा गया है कि यदि पूर्व में किसी भी योजना को स्वीकृति दी गई है और अभी तक वह योजना शुरू नहीं हुई है तो उसे प्रारंभ नहीं किया जाएगा। आदेश में कहा गया कि मनरेगा के अन्तर्गत भी एनीकट का निर्माण जल संसाधन विभाग की स्वीकृति लेने के बाद ही किया जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications