एचएसबीसी को 6.76 अरब डॉलर का शुद्ध लाभ
लंदन, 2 अगस्त (आईएएनएस)। एचएसबीसी बैंक को उसकी निजी और वाणिज्यिक बैंकिंग से वर्ष 2010 की पहली छमाही में 6.76 अरब डॉलर (4.43 अरब पाउंड) का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है।
बैंक की तरफ से सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले साल की समान अवधि के शुद्ध लाभ 3.35 अरब डॉलर की तुलना में यह 121 फीसदी ज्यादा है।
बैंक का आवास ऋण बढ़कर सकल ऋण का करीब आठ फीसदी हो गया है।
बैंक की तरफ से लघु एवं मध्यम उद्योगों को दिए जाने वाले ऋण में 35 फीसदी का इजाफा हुआ है। बैंक की मदद से करीब 65,000 नए कारोबार शुरू हुए हैं।
बैंक के नतीजे ऐसे समय पर घोषित किए गए हैं जब छोटे कारोबारों के लिए ऋण उपलब्ध कराने में असफलता के लिए बैंक की आलोचना हो रही है।
हाल की मंदी के दौरान एचएसबीसी बैंक पर ज्यादा असर नहीं पड़ा था। उसे सरकार से सहायता की जरूरत नहीं पड़ी थी। वहीं अन्य बड़े बैंकों ने 2008 से शुरू हुए वित्तीय संकट से उबरने के लिए 200 अरब पाउंड उधार लिए। इस राशि को उन्हें अगले साल तक हर हाल में चुकता कर देना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications