पाकिस्तान में बाढ़ से 1,500 की मौत
पाकिस्तान की राहत एजेंसी ईदी फाउंडेशन के अनुसार आने वाले दिनों में यह संख्या संभवत: दोगुनी हो सकती है।
समाचार एजेंसी 'एकेआई' के अनुसार ईदी फाउंडेशन के बिलकिस ईदी ने कहा, "कम से कम 500 लोग घायल हैं और 900 से ज्यादा लापता हैं। खुदा न करे लेकिन मेरा मानना है कि आने वाले दिनों में मरने वालों की तादाद 3,000 तक पहुंच सकती है।"
खैबर-पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री हैदर खान होती ने कहा कि इस आपदा के कारण प्रांत की आधारभूत सेवाएं नष्ट हो गई हैं।
नौशेरा के अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "सभी प्रमुख सड़कें, पुल नष्ट हो चुके हैं और पुलिस थानों, प्रशासनिक भवनों और टेलीफोन केंद्रों का भी लगभग यही हाल है। कम से कम 10 लाख लोग बेघर हो गए हैं।"
पड़ोसी देश अफगानिस्तान में मौजूद अमेरिकी सेना को भी हेलीकॉप्टरों और नावों के साथ लोगों की मदद के लिए भेजा गया है।
पाकिस्तानी सेना के राहत कार्यो में लग जाने के कारण तालिबानी प्रभाव वाले ओरकजई एजेंसी और खैबर एजेंसी में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications