शिक्षक की हत्या के मामले में नक्सली गिरफ्तार
आरोपी कार्तिक दत्त को सोमवार तड़के झारग्राम के मानिकपाड़ा के नजदीक मुराबोनी स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया।
झारग्राम जिले के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया, "इंदिराबोनी प्राथमिक स्कूल के 58 वर्षीय प्रधानाध्यापक रबींद्रनाथ महतो की हत्या की जांच के दौरान इसमें कार्तिक के संलिप्त होने की जानकारी सामने आई। इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्तिक ने स्वीकार किया है कि उसे महतो और सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया था।
ज्ञात हो कि गत 23 जुलाई को तीन युवा मोटरसाइकिल पर आए थे और उन्होंने प्राथमिक स्कूल के सामने ही महतो की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "कार्तिक ने हत्या में शामिल तीनों आदमियों के नाम बताए हैं और उनके ठिकानों की भी जानकारी दी है।"
कार्तिक ने स्वीकार किया है कि महतो की हत्या इसलिए की गई है क्योंकि वह छात्रों को नक्सल समर्थित पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण कमेटी (पीसीएपीए) की रैली में शामिल होने से रोकते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीसीएपीए नेता नियमित रूप से कक्षाओं में बैठकें करते थे, जिससे स्कूल में पढ़ाई प्रभावित होती थी। महतो ने इसका भी विरोध किया था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक महतो की हत्या के अलावा लूट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के कई मामलों में भी कार्तिक की तलाश थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications