वेदांता, पोस्को द्वारा नियमों के उल्लंघन की जांच जारी
केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्री जयराम रमेश ने राज्यसभा में कहा, "वन कानूनों के किसी उल्लंघन को बख्शा नहीं जाएगा। विशेषज्ञों से रिपोर्ट मिलने के बाद मैं अंतिम फैसला लूंगा।"
एक जांच दल वन भूमि के उपयोग और उड़ीसा में खनन के जनजातियों तथा वन्यजीवों पर संभावित प्रभाव की जांच कर रहा है। वह 30 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगा।
पोस्को पर वन कानून का उल्लंघन करके पारादीप के समीप इस्पात परियोजना के लिए जमीन हासिल करने का आरोप है।
रमेश ने कहा कि वेदांत के पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के आरोप की जांच उड़ीसा के चार विशेषज्ञों का दल कर रहा है।
रमेश पहले दोनों कंपनियों के नाम लेने से हिचक रहे थे लेकिन सदन में सभी ओर से कंपनियों के नाम बताए जाने की मांग होने पर उन्होंने उनके नाम उजागर किए।
अवैध खनन पर एक पूरक प्रश्न के जवाब में रमेश ने बालू और पत्थरों जैसे कम महत्वपूर्ण खनिजों के अवैध खनन पर चिंता जताई।
गुजरात में सूचना के अधिकार कार्यकर्ता अमित जेठवा की हत्या का हवाला देते हुए रमेश ने कहा कि केंद्र सरकार महत्वपूर्ण खनिजों के अवैध खनन को रोकने के लिए जिम्मेदार है जबकि कम महत्वपूर्ण खनिज राज्य सरकार की जिम्मेदारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications