मलयाला मनोरमा के प्रधान संपादक मैथ्यू का निधन
कोट्टायम। केरल में मीडिया उद्योग के अगुवा और मलयालम मनोरमा के प्रधान संपादक केएम मैथ्यू का रविवार की सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। जीवन के अंतिम दिनों तक मैथ्यू पत्रकारिता से जुड़े रहे। वह विशेषतौर पर व्यापार और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सलाह देते थे।
अपने पत्रकारिता जीवन के दौरान मैथ्यू पीटीआई के अध्यक्ष रहे। उन्होंने इंडियन न्यूज पेपर सोसायटी (आईएनएस) और ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (एबीसी) में अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कई प्रतिष्ठित जगहों पर काम किया। मैथ्यू सन 1954 में मलयालम मनोरमा के प्रबंध संपादक बने थे तथा वर्ष 1973 में अपने भाई के निधन के बाद उन्होंने प्रधान संपादक का कार्यभार संभाला था। अंग्रेजी की प्रतिष्ठित पत्रिका 'द वीक' उनकी ही देन है।
मलयालम मनोरमा पहली बार 22 मार्च 1890 को प्रकाशित हुआ था। उस समय यह साप्ताहिक अखबार हुआ करता था और प्रत्येक शनिवार को प्रकाशित होता था। इसके बाद इस अखबार ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज मनोरमा एक बड़ा समूह बन चुका है और इसके 48 प्रकाशन हैं तथा 18 लाख से अधिक प्रतियों की बिक्री होती है।
मैथ्यू नेहरू परिवार के काफी करीबी माने जाते थे। संप्रग अध्यक्षा सोनिया गांधी ने मैथ्यू के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी रविवार सुबह मैथ्यू के निधन पर शोक व्यक्त किया। गौरतलब है कि मैथ्यू को वर्ष 1998 में पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत किया गया था। मैथ्यू का अंतिम संस्कार सोमवार को कोट्टायम के निकट किया जाएगा।