बातचीत में सीधे हिस्सा लें अब्बास : ओबामा
जेरूसलम/लंदन, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने महमूद अब्बास की फिलिस्तीनी सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने इजरायल के साथ सीधी बातचीत में हिस्सा लेने से इंकार किया तो इसके प्रतिकूल परिणाम होंगे। इस आशय की जानकारी अरब मीडिया ने शनिवार को दी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने अब्बास को भेजे एक पत्र में कहा है, "अब सीधी बातचीत का समय आ गया है।" यह पत्र लंदन के समाचार पत्र अल-हयात में शनिवार को प्रकाशित हुआ है।
पत्र में कहा गया है, "अमेरिका ओबामा के सीधी बातचीत में हिस्सा लेने के प्रस्ताव को खारिज किए जाने को बर्दाश्त नहीं करेगा और अब्बास और फिलिस्तीन में अविश्वास का खामियाजा उन्हें भुगतना होगा। इसका अमेरिका-फिलिस्तीन संबंधों पर असर पड़ सकता है।"
रिवल्यूशनरी काउंसिल के फिलिस्तीनी सदस्य हनान अशरावी ने लंदन से प्रकाशित अरबी समाचार पत्र अल-कुद्स अल अरबी में शनिवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में दावा किया है कि सीधी बातचीत में शामिल होने के लिए फिलिस्तीनी सरकार पर भारी दबाव के हिस्से के रूप में अमेरिका ने फिलिस्तीन को अलग-थलग करने और संबंधों को समाप्त करने की धमकी दी है।
इजरायली दैनिक हारेत्ज ने खबर दी है कि व्हाइट हाउस के एक सूत्र ने इस दावे को खारिज कर दिया है। सूत्र ने इसे झूठा बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications