चीन में पुल टूटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 49 हुई
लुनचुन (चीन), 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य चीन के हेनान प्रांत में एक सप्ताह पहले पुल टूटने की एक घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है जबकि 17 अभी तक लापता हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार बचाव मुख्यालय ने रविवार को बताया कि लुनचुन काउंटी में यीहे नदी पर बना पुल गत 24 जुलाई को स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजे टूट गया। इसके कारण काफी लोग पानी में गिर गए।
दुर्घटना के बाद काफी समय बीत जाने से अब किसी के जीवित होने की संभावना कम ही है लेकिन बचाव कार्य अब तक जारी है।
लुनचुन सरकार के दुर्घटना के लिए एक दैनिक अखबार में माफीनामा प्रकाशित करने के बाद दुर्घटना की खबर सामने आई। माफीनामे में जानमाल के नुकसान पर दुख जताते हुए दुर्घटना की जिम्मेदारी स्वीकार की गई है।
दुर्घटना के बाद जीवित बचे लोगों के अनुसार बाढ़ को देखने के लिए पुल पर ग्रामीणों और पर्यटकों की भारी भीड़ थी। यह पुल दिसंबर 1987 में बना था। इसकी लंबाई 200 मीटर और ऊंचाई 10 मीटर से अधिक थी।
आरंभिक सरकारी जांच में सामने आया है कि टूटे पेड़ों के पुल के बीच फंसने से बाढ़ के पानी के रुकने के कारण पुल पर दबाव पड़ा और वह टूट गया। बाढ़ के कारण लुनचुन के 13 कस्बों में 15 लोग मारे गए और आठ अब भी लापता हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications